



दूदू विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा हुई है। अतिवृष्टि के कारण खरीफ सीजन की खड़ी फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद 68,689 किसानों के लिए कुल 80 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई है। यह राहत राशि उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा के प्रयासों और लगातार की गई पैरवी का परिणाम है, जिससे फागी, मौजमाबाद और दूदू उपखंडों के किसानों को सीधी आर्थिक मदद मिलेगी।
डॉ. बैरवा के ओएसडी भगवत सिंह राठौड़ ने बताया कि भारी बारिश के कारण फसलें नष्ट होने के बाद उपमुख्यमंत्री ने तत्काल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और आपदा प्रबंधन से जुड़े कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा से संपर्क किया। इसके बाद क्षेत्र में विशेष गिरदावरी करवाई गई और नुकसान का विस्तृत आकलन किया गया। आपदा विभाग द्वारा यह स्वीकृत मुआवजा राशि जल्द ही किसानों के खातों में जारी की जाएगी।
स्वीकृति के अनुसार—
फागी उपखंड: 31,157 हेक्टेयर प्रभावित भूमि, 22,115 किसानों को 26 करोड़ रुपए
मौजमाबाद तहसील: 27,850 हेक्टेयर प्रभावित भूमि, 22,995 किसानों को 23 करोड़ रुपए
दूदू क्षेत्र: 38,413 हेक्टेयर कृषि भूमि, 23,579 किसानों को 31 करोड़ रुपए
कुल मिलाकर तीनों तहसीलों में किसानों को अतिवृष्टि से हुए नुकसान के लिए त्वरित राहत उपलब्ध करवाई जा रही है। किसानों ने इस आर्थिक सहायता और तेजी से प्रशासनिक कार्रवाई के लिए उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा का आभार जताया है। सरकार की इस पहल से क्षेत्र के हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलने वाली है।