



अजमेर जिला कलेक्ट्रेट पर मंगलवार को सरवाड़ ब्लॉक के उपखंड अस्पताल के कर्मचारियों ने बीसीएमओ (ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी) और यूडीसी (अपर डिवीजन क्लर्क) के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। अस्पताल के डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर्स, एएनएम, कंप्यूटर ऑपरेटर और सफाई कर्मचारियों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर लोकबंधु को ज्ञापन सौंपा और दोनों अधिकारियों पर भ्रष्टाचार, प्रताड़ना और सरकारी योजनाओं की राशि रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
डॉ. राधेश्याम जाट ने बताया कि बीसीएमओ डॉ. कविता और यूडीसी दीपक शर्मा लंबे समय से अनियमितताओं और भ्रष्टाचारपूर्ण गतिविधियों में लिप्त हैं। इससे विभागीय कार्य, जनहित योजनाओं की प्रगति और कर्मचारियों का कार्य वातावरण गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि दोनों अधिकारी फाइल आगे बढ़ाने, अनुमोदन जारी करने और ड्यूटी से जुड़े कार्यों में कर्मचारियों से रिश्वत मांगते हैं और भुगतान नहीं होने पर जानबूझकर फाइलें रोक लेते हैं।
कर्मचारियों ने यह भी बताया कि बीते तीन वर्षों से कई सरकारी योजनाओं के भुगतान रोक दिए गए हैं, जिससे जनहित के कार्य ठप पड़े हैं। विरोध करने या भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर कर्मचारियों को झूठे मुकदमे दर्ज कराने की धमकियां दी जाती हैं। इस संबंध में पूर्व में सीएमएचओ को भी शिकायत दी गई थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि बीसीएमओ और यूडीसी के खिलाफ तुरंत निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि अस्पताल की कार्यप्रणाली और जनहित योजनाएं प्रभावित न हों।