Saturday, 29 August 2026

एसआई भर्ती-2021: सरकार ने हाईकोर्ट की एकलपीठ के फैसले के खिलाफ दायर की अपील, कहा—कुछ लोगों की गलती की वजह से पूरी भर्ती रद्द नहीं हो सकती


एसआई भर्ती-2021: सरकार ने हाईकोर्ट की एकलपीठ के फैसले के खिलाफ दायर की अपील, कहा—कुछ लोगों की गलती की वजह से पूरी भर्ती रद्द नहीं हो सकती

जयपुर। सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती-2021 को रद्द करने के राजस्थान हाईकोर्ट की एकलपीठ के फैसले के खिलाफ राज्य सरकार ने अब खंडपीठ में अपील दायर की है। सरकार ने अपील में तर्क दिया है कि कुछ व्यक्तियों की गलती की वजह से पूरी भर्ती प्रक्रिया को रद्द नहीं किया जा सकता है।

सरकार की ओर से कहा गया कि जिस सेंटर से पेपर लीक हुआ था, उसका असर सीमित अभ्यर्थियों तक ही रहा। वहीं, RPSC से लीक पेपर केवल संलिप्त आरपीएससी सदस्यों के बच्चों और दलालों तक ही पहुंचा था, न कि पूरे राजस्थान में प्रसारित हुआ। इस आधार पर सरकार ने कहा कि पूरी भर्ती रद्द करने का निर्णय हजारों योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य को प्रभावित करता है।

राज्य सरकार ने अपील में यह भी दलील दी कि अगर जांच एजेंसियां दोषियों और निर्दोषों की पहचान कर सकती हैं, तो कोर्ट को पूरी भर्ती निरस्त करने की आवश्यकता नहीं है।

देरी माफी का प्रार्थना पत्र भी लगाया गया
गौरतलब है कि हाईकोर्ट की एकलपीठ ने 28 अगस्त 2024 को एसआई भर्ती-2021 को रद्द करने का आदेश दिया था। यह आदेश 60 दिन में चुनौती दी जा सकती थी, लेकिन सरकार ने समय सीमा बीत जाने के बाद अपील दायर की है। इसलिए सरकार ने खंडपीठ में देरी माफी का प्रार्थना पत्र भी प्रस्तुत किया है।

यदि हाईकोर्ट की खंडपीठ सरकार की देरी माफी स्वीकार कर लेती है, तो अपील की सुनवाई चयनित अभ्यर्थियों की अपील के साथ 24 नवंबर को एक साथ की जा सकती है।

एसआई भर्ती-2021 का संक्षिप्त विवरण:

  • 859 पदों के लिए भर्ती निकली थी।

  • 7.97 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया।

  • 3.80 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी।

  • 24 दिसंबर 2021 को लिखित परीक्षा का परिणाम जारी हुआ।

  • 20,359 उम्मीदवार फिजिकल टेस्ट के लिए पास हुए।

  • फिजिकल टेस्ट फरवरी 2022 में आयोजित हुआ और परिणाम 11 अप्रैल 2022 को आया।

  • 3,291 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया।

  • अंतिम परिणाम 1 जून 2023 को घोषित हुआ।

    Previous
    Next

    Related Posts