



जयपुर। नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तीखा हमला बोला है। बेनीवाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा S.I. भर्ती 2021 को रद्द करने के हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ अपील दायर करना सरकार की कथनी और करनी में अंतर को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले इस भर्ती को रद्द करने का श्रेय खुद लिया था और सार्वजनिक रूप से कहा था कि सरकार इस फैसले के खिलाफ अपील नहीं करेगी, लेकिन अब उसी सरकार ने हाईकोर्ट में अपील दाखिल कर दी, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
बेनीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार का यह कदम साबित करता है कि वह भी भ्रष्टाचार का समर्थन करने में पीछे नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा नेताओं ने युवाओं से न्याय का वादा किया था, लेकिन अब सरकार पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल भ्रष्टाचार के साथ खड़ी दिखाई दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जब पूरे कुएं में ही भांग पड़ी थी, तो फिर ऐसी अपील का क्या औचित्य है?”
विशेष शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर दिया गया ज्ञापन
सोमवार को विशेष शिक्षकों के अभ्यर्थियों ने सांसद हनुमान बेनीवाल से मुलाकात कर प्रत्येक पीईओ स्तर पर विशेष शिक्षकों की नियुक्ति और अध्यापक भर्ती 2025 में कम से कम 5 हजार पदों पर भर्ती की मांग की। बेनीवाल ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को लेकर सरकार को अवगत कराया जाएगा और सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व मंत्री रोहिताश शर्मा व नरेश मीणा की शिष्टाचार भेंट
राजस्थान के पूर्व मंत्री रोहिताश शर्मा और युवा नेता नरेश मीणा ने भी सांसद बेनीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई।