



पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने जयपुर पहुंचकर भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अल्का सिंह गुर्जर के पिता और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के पूर्व कमांडेंट स्वर्गीय हरभान सिंह पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। राजे ने उनके निवास पर पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि दी और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान स्व. पटेल के दामाद एवं पूर्व मंत्री नाथू सिंह गुर्जर, तथा उनके साले पूर्व मंत्री जितेंद्र सिंह गुर्जर भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वसुन्धरा राजे ने स्व. पटेल के अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र सेवा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने BSF में अपने सेवाकाल के दौरान सीमा पर कई दुश्मनों को मार गिराकर असाधारण बहादुरी का परिचय दिया। भारतीय सेना द्वारा उन्हें उनकी वीरता के लिए कई बार सम्मानित भी किया गया। राजे ने बताया कि स्व. पटेल ने भारत-पाक युद्धों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपनी बहादुरी से दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया। सेवा निवृत्ति के बाद भी वे पूर्व सैनिकों की सहायता और कल्याण कार्यों में सक्रिय रहे तथा सैनिक संस्थाओं से अंतिम समय तक जुड़े रहे। राजे ने उनके योगदान को राष्ट्र के लिए अमूल्य बताते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।