



जयपुर में रविवार सुबह अल्बर्ट हॉल के साउथ गेट से जेएलएन मार्ग तक विश्व की पहली गौ-सम्मान दौड़—‘गौ रन’ का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 5:30 से 7:00 बजे तक चले इस आयोजन में शहर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में युवाओं, परिवारों और विभिन्न फिटनेस ग्रुप्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दो अलग-अलग कैटेगरी में आयोजित इस रन को लेकर युवाओं में खासा जोश देखने को मिला।
गौ माता के सम्मान के साथ फिटनेस को जोड़ने वाली इस अनूठी पहल ने पूरे शहर में एक सकारात्मक और प्रेरणादायी संदेश दिया। रन के दौरान प्रतिभागियों ने भक्ति और फिटनेस का अद्भुत समन्वय पेश किया, जबकि परिवारों, बच्चों और वॉक ग्रुप्स की सक्रिय मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।
रन के समापन पर मंच से अमरनाथ महाराज ने हजारों धावकों के साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करवाया। एक साथ गूंजे हनुमान चालीसा पाठ ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया और माहौल उत्साहपूर्ण हो उठा। 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर दोनों श्रेणियों में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग कैटेगरी निर्धारित की गई थीं। रन पूरी करने वाले विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया और उन्हें कैश प्राइज भी प्रदान किए गए। जयपुर में आयोजित यह ऐतिहासिक 'गौ रन' फिटनेस, संस्कृति और आध्यात्मिकता का एक अनोखा संगम बनकर सामने आया।