



राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत शनिवार सुबह जयपुर के प्रख्यात गोविंददेवजी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने राजभोग झांकी के दौरान चौखट पूजन किया और महाआरती में शामिल होकर दर्शन-पूजन किया।
मंदिर में पहुंचने पर महंत अंजन कुमार गोस्वामी ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। महंत ने उन्हें अंग वस्त्र, पुष्पहार, ठाकुरजी की छवि और प्रसाद भेंट किया। दर्शन के बाद डॉ. भागवत जलमहल के निकट स्थित संजय शर्मा संग्रहालय एवं शोध संस्थान भी गए, जहां उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ धरोहरों और शोध सामग्री का अवलोकन किया। उनके दौरे के दौरान मंदिर परिसर और संग्रहालय दोनों ही स्थानों पर भक्तों और स्वयंसेवकों में उत्साह देखने को मिला।