Saturday, 29 August 2026

वी. श्रीनिवास बने राजस्थान के नए मुख्य सचिव, कार्मिक विभाग ने जारी किए आदेश—सोमवार को संभालेंगे चार्ज


वी. श्रीनिवास बने राजस्थान के नए मुख्य सचिव, कार्मिक विभाग ने जारी किए आदेश—सोमवार को संभालेंगे चार्ज

राजस्थान सरकार ने 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वी. श्रीनिवास को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया है। कार्मिक विभाग ने रविवार को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए। वर्तमान मुख्य सचिव सुधांश पंत के दिल्ली रिलीव होने के बाद श्रीनिवास सोमवार (17 नवंबर) को आधिकारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करेंगे। श्रीनिवास लगभग सात वर्ष से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे, और 14 नवंबर की शाम उन्हें आधिकारिक रूप से राजस्थान कैडर में रिलीव कर दिया गया था।

कार्यभार ग्रहण करने से पहले वे केंद्र सरकार के प्रशासनिक सुधार, लोक शिकायत, पेंशन और पेंशनर्स कल्याण विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। नए आदेश के अनुसार वे सितंबर 2026 तक मुख्य सचिव पद पर बने रहेंगे। उनकी नियुक्ति के बाद राज्य में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की संभावना भी प्रबल हो गई है।राज्य सरकार ने श्रीनिवास को मुख्य सचिव के साथ-साथ राजस्थान राज्य माइंस एंड मिनरल्स लिमिटेड (RSMML) के अध्यक्ष और दिल्ली में मुख्य आवासीय आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है।

वहीं, outgoing मुख्य सचिव सुधांश पंत को 30 नवंबर तक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार में सचिव पद पर जॉइन करना है। तब तक उन्हें कैबिनेट सचिवालय में OSD बनाया गया है।

सीनियरिटी के आधार पर देखें तो वी. श्रीनिवास को चीफ सेक्रेटरी बनाने में केवल एक अधिकारी—1988 बैच के आईएएस सुबोध अग्रवाल—को ही पार किया गया है। सुबोध अग्रवाल वर्तमान में RFC के अध्यक्ष हैं और दिसंबर में रिटायर होने वाले हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद श्रीनिवास वरिष्ठतम आईएएस अधिकारी होंगे। वी. श्रीनिवास की नियुक्ति को प्रशासनिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य सरकार की कई नीतिगत और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Previous
Next

Related Posts