



राजस्थान पुलिस विभाग में शनिवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। गृह विभाग ने आदेश जारी कर कुल 142 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (RPS अफसर) स्तर के अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस व्यापक बदलाव में तीन RPS अफसरों को नवगठित महिला बटालियनों में डिप्टी कमांडेंट का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है, जो अगले आदेश तक जारी रहेगा।
जोधपुर में तैनात डिप्टी कमांडेंट प्रथम बटालियन आरएसी राजीव कुमार परिहार को अमृता देवी महिला बटालियन बाड़मेर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं अजमेर की डिप्टी कमांडेंट हाडीरानी महिला बटालियन प्रीति कांकाणी को पद्मिनी महिला बटालियन सीकर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। जयपुर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (केंद्रीय भंडार) यशपाल त्रिपाठी को कालीबाई महिला बटालियन अलवर का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
फेरबदल में जयपुर से बाहर भी कई महत्वपूर्ण तबादले किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध एवं सतर्कता) जयपुर, विमल सिंह को एएसपी कुचामन (डीडवाना-कुचामन) भेजा गया है। वहीं जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी बर्गलरी एंड थैफ्ट पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी अब एएसपी मालपुरा, टोंक में सेवाएं देंगे। पुलिस मुख्यालय जयपुर के एसपी लीव रिजर्व लोकेश मीणा को एएसपी नीमकाथाना (सीकर) ट्रांसफर किया गया है।
दूसरी ओर, कई अधिकारियों को जयपुर में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। एएसपी कामां-डीग महेश मीणा को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय-पूर्व) पुलिस कमिश्नरेट जयपुर में लगाया गया है। टोंक के एएसपी मालपुरा मोटाराम बेनीवाल अब ASO लीव रिजर्व कार्यालय, पुलिस प्रशिक्षण महानिदेशालय जयपुर में रिपोर्ट करेंगे। एएसपी हनुमानगढ़ जनेश सिंह तंवर को ASP HCMU जयपुर पोस्ट किया गया है, जबकि एपीओ चल रहे ASP सौरभ कोठारी को एएसपी सीआईडी एसएसबी जयपुर में नई नियुक्ति मिली है।
इसके अलावा, एएसपी झालावाड़ चिरंजी लाल मीणा को भी ASP CID SSB जयपुर में लगाया गया है, और एएसपी महिला अपराध अनुसंधान सेल दौसा, गुरुशरण राव को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त त्वरित अनुसंधान सेल, पुलिस कमिश्नरेट जयपुर की जिम्मेदारी दी गई है। यह बड़ा फेरबदल आने वाले दिनों में पुलिस प्रशासन की नई संरचना और कार्यप्रणाली पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है।