Saturday, 29 August 2026

श्रीनगर के नौगाम थाने में भीषण धमाका: तहसीलदार सहित 9 की मौत, 29 घायल, जब्त विस्फोटक सैंपलिंग के दौरान हुआ हादसा, आतंकी एंगल से भी जांच जारी


श्रीनगर के नौगाम थाने में भीषण धमाका: तहसीलदार सहित 9 की मौत, 29 घायल, जब्त विस्फोटक सैंपलिंग के दौरान हुआ हादसा, आतंकी एंगल से भी जांच जारी

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में शुक्रवार रात करीब 11:22 बजे नौगाम पुलिस स्टेशन में भीषण धमाका हुआ, जिसमें एक तहसीलदार सहित 9 लोगों की मौत हो गई। कई शवों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। घटना में 29 लोग घायल हुए हैं, जिनमें ज्यादातर पुलिसकर्मी शामिल हैं। घायलों का इलाज 92 आर्मी बेस हॉस्पिटल और SKIMS सौरा अस्पताल में जारी है। पुलिस बल, सेना और प्रशासन के अधिकारी रातभर राहत और बचाव कार्य में जुटे रहे।

अधिकारियों के मुताबिक धमाका उस समय हुआ जब पुलिस व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल से जुड़े मामले में हरियाणा के फरीदाबाद से जब्त किए गए विस्फोटक का सैंपल ले रही थी। यह विस्फोटक डॉक्टर मुजम्मिल गनई के किराए के घर से बरामद हुआ था। गनई को पहले ही दिल्ली ब्लास्ट केस में गिरफ्तार किया जा चुका है।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि पुलिस स्टेशन में पूरा 360 किलो विस्फोटक लाया गया था या फिर इसका सिर्फ एक हिस्सा परीक्षण के लिए मौजूद था। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक तभी सक्रिय होता है जब उसमें डेटोनेटर, फ्यूज या किसी तरह का ट्रिगर जोड़ा जाए।

धमाके के बाद जांच एजेंसियों ने आतंकी एंगल को भी खंगालना शुरू कर दिया है। जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक ग्रुप PAFF (People's Anti-Fascist Front) ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस दावे के बाद सुरक्षा जांच और भी तेज कर दी गई है।

घटना के बाद श्रीनगर और आसपास के सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस जांच कर रही है कि क्या विस्फोटक में किसी बाहरी हस्तक्षेप या साजिश के तहत ट्रिगर लगाया गया था। यह भी देखा जा रहा है कि धमाके के समय विस्फोटक किस हालत में, किस मात्रा में और किस सुरक्षा प्रक्रिया के तहत पुलिस स्टेशन में मौजूद था। यह हादसा जम्मू-कश्मीर में पिछले कई महीनों में हुए सबसे गंभीर धमाकों में से एक माना जा रहा है और इससे सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा प्रक्रियाओं पर गंभीर सवाल उठे हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts