



राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत मंगलवार को एकदिवसीय प्रवास पर उदयपुर पहुंचे। आगमन पर एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा, अर्जुन बामनिया, सुरेंद्र सिंह झाड़ावत, दिनेश खोड़निया, भेरूलाल चौधरी, और नगराज मीणा सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उदयपुर पहुंचने के बाद गहलोत ने सबसे पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैलाश मेघवाल से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी। इसके बाद वे अमेरिकन हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा के स्वास्थ्य का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
दिनभर के प्रवास के दौरान गहलोत ने फतहसागर झील क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नेताओं से प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और जनता के मुद्दों पर संवाद किया।
गहलोत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस की शक्ति जनता के विश्वास से आती है और हर कार्यकर्ता को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम के बाद सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। बुधवार सुबह वे जयपुर के लिए रवाना होंगे। गहलोत का यह दौरा संगठनात्मक गतिविधियों और पुराने साथियों से मुलाकात के दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है।