



जयपुर। दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार विस्फोट की गंभीर घटना के बाद राजस्थान सरकार सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए तत्काल निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रहे। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को आदेश दिए कि सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, शॉपिंग मॉल, पर्यटन स्थलों और भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सुरक्षा एजेंसियां अपने-अपने क्षेत्रों में माकूल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें।
दिल्ली धमाके के बाद राज्य की पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और इंटेलिजेंस यूनिट्स को सतर्क रहने और चौकसी बढ़ाने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तैयारी के साथ तैनात रहे।