Saturday, 29 August 2026

दिल्ली में लाल किले के पास बम विस्फोट से दहशत — 9 की मौत, कई घायल; जांच में जुटी पुलिस और एनएसजी


दिल्ली में लाल किले के पास बम विस्फोट से दहशत — 9 की मौत, कई घायल; जांच में जुटी पुलिस और एनएसजी

राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए भीषण विस्फोट से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। शाम करीब 6:50 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 4 के पास हुए इस धमाके में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज चार किलोमीटर तक सुनाई दी और आसपास खड़ी 20 से ज्यादा गाड़ियाँ क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल (LNJP) में भर्ती कराया गया है, जहाँ तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कार में हुआ धमाका, आसपास की दुकानों में लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका पार्किंग एरिया में खड़ी एक कार में हुआ। विस्फोट के बाद आग की लपटें उठीं और पास की दुकानों व वाहनों में आग लग गई। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक कार का हिस्सा उछलकर पास के लाल मंदिर परिसर में जा गिरा, जिससे मंदिर और मेट्रो स्टेशन के शीशे चकनाचूर हो गए।

पुलिस ने इलाके को किया सील, एनएसजी और स्पेशल सेल जुटी जांच में
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं। फिलहाल पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और पूरे चांदनी चौक और लाल किला क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। प्रारंभिक जांच में विस्फोट के पीछे किसी आतंकी साजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर पुलिस ने अभी इसे आतंकी हमला नहीं माना है।

अस्पताल प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों की प्रतिक्रिया
LNJP अस्पताल के निदेशक डॉ. बी.एल. चौधरी ने बताया कि कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। एक व्यक्ति की आंख और चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, पहाड़गंज निवासी प्रत्यक्षदर्शी बलबीर सिंह ने बताया कि वह कार में बैठे थे, तभी विस्फोट हुआ और एक व्यक्ति उनकी कार पर गिरा, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। फॉरेंसिक टीमों ने जांच शुरू कर दी है और दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

    Previous
    Next

    Related Posts