



उदयपुर | गीतांजली यूनिवर्सिटी परिसर में शुक्रवार को एचडीएफसी बैंक की नई शाखा का उद्घाटन किया गया। परिसर में बैंकिंग सुविधाओं को और सुलभ बनाने की दिशा में यह कदम छात्रों, स्टाफ तथा आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है। नई शाखा के शुरू होने से अब यूनिवर्सिटी परिसर में ही दैनिक बैंकिंग सेवाएं, डिजिटल लेन-देन, खाता संचालन और लोन-संबंधी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।
उद्घाटन समारोह में गीतांजली ग्रुप के चेयरमैन जेपी अग्रवाल और एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एचडीएफसी बैंक की ओर से जोनल हेड कुमार सौरभ तथा ब्रांच मैनेजर चंदन पालीवाल ने शाखा संचालन से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह शाखा आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से लैस होगी और विश्वविद्यालय समुदाय की आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाएं प्रदान करेगी। समारोह में बैंक अधिकारियों और यूनिवर्सिटी प्रतिनिधियों ने इसे सहयोग और सुविधा का नया अध्याय बताया।