



जोधपुर सेंट्रल जेल में यौन शोषण के गंभीर मामले में उम्रकैद की सज़ा भुगत रहे आसाराम को शुक्रवार को मेडिकल ग्राउंड पर ज़मानत मिलने के बाद उनकी ताज़ा तस्वीरें सामने आईं, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। पिछले कई वर्षों से आसाराम को व्हीलचेयर, स्ट्रेचर या सहारे के साथ चलने वाली छवि में देखा जाता रहा है। लेकिन ज़मानत के बाद सामने आई नई तस्वीरों में वे बिना किसी सहारे के खुद सीढ़ियां उतरते और अपने पैरों पर सहज रूप से चलते नज़र आए। उनकी यह फिटनेस देखकर लोगों में आश्चर्य और चर्चा दोनों ही तेज हो गई है।
ये तस्वीरें जोधपुर की हैं, जब आसाराम अस्पताल में इलाज के बाद अपने अनुयायियों के साथ आश्रम के लिए रवाना हो रहे थे। राजस्थान और गुजरात हाईकोर्ट, दोनों ने ही उनकी उम्र और गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को आधार मानकर छह महीने की मेडिकल ज़मानत दी है। ज़मानत मिलते ही आश्रम के अनुयायियों में खुशी की लहर दौड़ गई और बाहर मौजूद समर्थक उनके स्वागत में जुट गए।
गौरतलब है कि वर्ष 2013 में एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में आसाराम को गिरफ़्तार किया गया था और 25 अप्रैल 2018 को जोधपुर की विशेष पॉक्सो अदालत ने उन्हें आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई थी। करीब 12 साल जेल में बिताने के बाद जनवरी 2025 में पहली बार उन्हें मेडिकल आधार पर अंतरिम राहत मिली थी। तब से वे समय—समय पर स्वास्थ्य संबंधी कारणों से ज़मानत लेते रहे हैं। लेकिन अब जो ताज़ा तस्वीरें सामने आई हैं, वे उनकी पूर्व तस्वीरों से बिल्कुल विपरीत हैं और उनकी कथित “कमज़ोरी” पर सवाल भी उठने लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आसाराम को आगे की स्वास्थ्य जांच के लिए जल्द ही गुजरात के अहमदाबाद ले जाया जा सकता है। फिलहाल उनकी यह नई फिटनेस सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक और कानूनी हलकों तक चर्चा का विषय बनी हुई है। ज़मानत के छह महीने के दौरान उन्हें कोर्ट द्वारा निर्धारित शर्तों का कड़ाई से पालन करना होगा।