



सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुजरात के नर्मदा जिले स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित ‘भारत पर्व’ कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरदार पटेल के योगदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि लौह पुरुष पटेल ने कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से असम तक फैली सैकड़ों रियासतों को एकजुट कर भारत की अखंडता की नींव रखी। उन्होंने केवल भौगोलिक एकीकरण ही नहीं, बल्कि एक सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था का ढांचा भी तैयार किया, जो आज भी देश की स्थिरता का आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की देशभक्ति, त्याग और दृढ़संकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने ‘भारत पर्व’ को केवल उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विविधता, विरासत, कला और एकता का महापर्व बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू हुआ यह आयोजन आज भारत का एक प्रमुख सांस्कृतिक मंच बन चुका है जहां देश के हर राज्य की संस्कृति, व्यंजन और हस्तशिल्प एक साथ प्रदर्शित होते हैं—यह ठीक वही भावना है जो सरदार पटेल के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्न को साकार करती है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि ‘देखो अपना देश’ अभियान ने युवाओं और नागरिकों को अपनी जड़ों और संस्कृति को समझने का अवसर दिया है। उन्होंने इस बात पर भी गर्व व्यक्त किया कि भारत इस समय वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ भी मना रहा है, वह गीत जिसने स्वतंत्रता आंदोलन में क्रांतिकारियों की चेतना को प्रज्वलित किया और गुलामी की बेड़ियों को तोड़ने का साहस दिया।
CM शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल जैसा विराट व्यक्तित्व शब्दों में समेटना कठिन है। साधारण परिवार से निकलकर देश के इतिहास को दिशा देने वाले इस महापुरुष ने विभाजन के दौर में रियासतों के एकीकरण का कठिन कार्य कर आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्र भारत में दशकों तक सरदार पटेल को वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के नायकों को वास्तविक सम्मान मिल रहा है। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जो पटेल की फौलादी इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
समारोह में गुजरात के सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. प्रद्युम्न वाजा ने भी संबोधन दिया। कार्यक्रम के दौरान विविध सांस्कृतिक और देशभक्ति से जुड़े प्रदर्शन हुए। इस अवसर पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सीईओ अमित अरोड़ा सहित अनेक अधिकारी, अतिथि और नागरिक उपस्थित रहे।