Saturday, 29 August 2026

नीरजा मोदी स्कूल की छात्रा अमायरा की मौत को एक सप्ताह: परिजन बोले—सच छुपा रहा स्कूल, अब तक नहीं दिखाया सीसीटीवी फुटेज


नीरजा मोदी स्कूल की छात्रा अमायरा की मौत को एक सप्ताह: परिजन बोले—सच छुपा रहा स्कूल, अब तक नहीं दिखाया सीसीटीवी फुटेज

जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में पांचवीं मंजिल से गिरकर मासूम छात्रा अमायरा की हुई दर्दनाक मौत को एक सप्ताह गुजर चुका है, लेकिन उसके माता-पिता का दर्द अब भी जस का तस है। इकलौती बेटी को खो चुके परिवार के लिए यह समय किसी असहनीय त्रासदी से कम नहीं है। परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद से स्कूल प्रशासन लगातार जानकारी छिपा रहा है और आज तक उस दिन का सीसीटीवी फुटेज परिजनों को नहीं दिखाया गया।

अमायरा की मां शिवानी देव ने रोते हुए कहा—“हमें सिर्फ न्याय चाहिए, ताकि किसी और बच्चे के साथ ऐसा हादसा न हो। अगर स्कूल के पास छिपाने जैसा कुछ नहीं है तो सीसीटीवी दिखाने से इनकार क्यों?” परिवार का कहना है कि स्कूल की शुरुआत से ही लापरवाही जारी थी। अमायरा ने कई बार क्लास टीचर को शिकायत की थी कि कुछ बच्चे उसे बुरे शब्द बोलकर परेशान करते हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अमायरा के पिता विजय मीणा ने भी सवाल उठाए कि जिस दिन हादसा हुआ, स्कूल ने सिर्फ फोन कर कहा—“आपकी बेटी को चोट लगी है।” लेकिन जब वे पहुंचे तो स्थिति कहीं अधिक गंभीर थी। परिवार पूछ रहा है कि घटना से एक दिन पहले स्कूल पार्टी में खुश नजर आ रही बच्ची अगले दिन इतनी बड़ी मानसिक स्थिति तक कैसे पहुंच गई कि उसने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी? परिजन मानते हैं कि अगर स्कूल प्रशासन ने समय रहते बच्चे की शिकायतों को गंभीरता से लिया होता और उचित सुरक्षा इंतजाम किए होते, तो शायद अमायरा आज जिंदा होती।

शिक्षा विभाग ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं, लेकिन अभी तक कोई रिपोर्ट पेश नहीं की गई है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि जांच गहराई से की जा रही है और अधिकारियों को समय दिया गया है। वहीं, अमायरा के माता-पिता अब भी पारदर्शी जांच की उम्मीद पर टिके हुए हैं, जबकि उनका दुःख साफ दिखाता है कि उन्होंने सिर्फ एक बेटी नहीं, अपनी पूरी दुनिया खो दी है।

Previous
Next

Related Posts