



जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि “वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता को वंदन का भाव है और इसे राजनीति से जोड़कर देखना गलत है। यह राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने का अभियान है, न कि किसी दल का एजेंडा।” वे शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
राठौड़ ने बताया कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर केंद्र सरकार देशभर में भव्य आयोजन करने जा रही है। इसी क्रम में राजस्थान में भी ‘वंदे मातरम् 150’ अभियान को जनभागीदारी के महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 7 नवम्बर को एसएमएस स्टेडियम, जयपुर में होगा, जिसमें सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया जाएगा। इसके बाद अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर, सीकर, भीलवाड़ा और अलवर सहित सभी प्रमुख जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि आज भी देश में कुछ लोग वंदे मातरम् से कन्नी काटते हैं, यह उनकी कमजोर राष्ट्र भावना को दर्शाता है। “यदि किसी व्यक्ति को परिवार की चिंता तो है पर देश और सेना के सम्मान की नहीं, तो उसमें राष्ट्रभक्ति का अभाव है। ऐसे व्यक्तियों में राष्ट्रभावना जगाना आवश्यक है।”
राठौड़ ने कहा कि ‘वंदे मातरम् 150’ केवल उत्सव नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता, स्वदेशी भावना और राष्ट्रनिष्ठा का जनआंदोलन है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और वंदे मातरम् को पुनः भारत के हृदय में ऊर्जा और उत्साह का प्रतीक बनाएं।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा इतिहास पुरुषों का सम्मान करती है और बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी गर्व के साथ मना रही है। “जब हम ऐसे महानायकों का स्मरण करते हैं तो विपक्ष को राजनीति दिखती है, जबकि यह कार्यक्रम देशभक्ति और प्रेरणा का माध्यम हैं। विपक्ष को भी ऐसे समारोह आयोजित करने चाहिए।”
प्रेसवार्ता में अभियान प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी, सह संयोजक प्रेम सिंह बनवासा, प्रीति शर्मा तथा भाजपा मीडिया विभाग सह संयोजक पंकज मीणा मौजूद रहे।