



बाड़मेर। सर्किट हाउस के पास स्थित इंदिरा सर्कल पर लगी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित कर दिया गया। घटना सामने आते ही शहर में हड़कंप मच गया। स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी। प्रतिमा को अस्थायी रूप से ठीक कर दिया गया है।
घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने X (ट्विटर) अकाउंट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने लिखा—बाड़मेर में सर्किट हाउस के पास देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी जी की मूर्ति को खंडित किए जाने की खबर चिंताजनक है। इंदिरा जी ने देश का मान बढ़ाया और भारत की एकता-अखंडता के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उनके बलिदान दिवस के अगले ही दिन ऐसी घटना होना बेहद निंदनीय है।”
उन्होंने आगे मांग की—“बाड़मेर पुलिस को अविलंब ऐसे असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार करना चाहिए। भाजपा सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि देश का गौरव बढ़ाने वाले नेताओं की प्रतिमाएं सुरक्षित रहें और उनका अपमान न हो।”
प्रतिमा खंडित होने की सूचना पर कांग्रेसजनों ने मौके पर पहुंचकर घटना की निंदा की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना को ज्ञापन सौंपा और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने प्रशासन से यह भी अनुरोध किया कि इंदिरा सर्कल पर CCTV कैमरे लगाए जाएं।सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। प्रतिमा का स्थायी रूप से पुनर्निर्माण व संरक्षण किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ प्रतिमा का नहीं, बल्कि भारत की पूर्व प्रधानमंत्री और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।
पुलिस का कहना है कि आसपास के CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं।संदेहास्पद व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा