



‘भारत रत्न’ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय, जयपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश की एकता, अखंडता और विकास में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया, प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश भड़ाना, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, रजनीश चनाना सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और देश की एकता व आत्मनिर्भरता को सशक्त करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को सशक्त करते हुए ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ अभियान की शुरुआत की गई।
भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक ने बताया कि पार्टी परिवार के सदस्यों ने इस अवसर पर संकल्प पत्र भरकर स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का दृढ़ निश्चय किया और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देने का वचन दिया।
उन्होंने कहा, “स्वदेशी अपनाना केवल आर्थिक प्रगति का माध्यम नहीं, बल्कि यह आत्मसम्मान और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। भाजपा परिवार समाज के हर वर्ग को प्रेरित करेगा कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करें।”
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया ने सभी कार्यकर्ताओं को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए हर नागरिक को स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी होगी। जब हर घर में स्वदेशी अपनाया जाएगा, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।”
भाजपा परिवार ने निर्णय लिया कि आने वाले समय में प्रदेशभर में ‘हर घर स्वदेशी’ जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि ‘विकसित भारत’ के निर्माण में हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
