Saturday, 29 August 2026

इंदिरा गांधी बलिदान दिवस और सरदार पटेल जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, डोटासरा बोले—आज देश को फिर चाहिए आयरन लेडी जैसा साहस


इंदिरा गांधी बलिदान दिवस और सरदार पटेल जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, डोटासरा बोले—आज देश को फिर चाहिए आयरन लेडी जैसा साहस

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा गांधी भवन, स्टेशन रोड, जयपुर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पदाधिकारी, विधायक, प्रत्याशी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने दोनों राष्ट्रीय नेताओं को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में उपस्थित मीडिया को संबोधित करते हुए गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि देश की दो महान विभूतियाँ — आयरन लेडी स्व. इंदिरा गांधी और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल — ने अपने साहस, दूरदृष्टि और निर्णय क्षमता से भारत को सशक्त बनाया।
उन्होंने कहा, “इंदिरा गांधी ने जब पाकिस्तान को सबक सिखाते हुए उसे दो भागों में बाँट दिया था, तब उन्होंने दुनिया को दिखाया कि भारत किसी भी कीमत पर अपने राष्ट्रहित से समझौता नहीं करेगा। वहीं सरदार पटेल ने देश के एकीकरण का महान कार्य कर भारत की नींव मजबूत की।”

डोटासरा ने कहा कि आज के हालात में देश को फिर वैसा ही साहस चाहिए जैसा इंदिरा गांधी और पटेल ने दिखाया था। उन्होंने कहा कि आज भारत के मौजूदा प्रधानमंत्री अमेरिकी दबाव में आकर पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर रोक देते हैं, जबकि इंदिरा गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति से बात करने से भी मना कर दिया था।

उन्होंने आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह संगठन जनता से वोट नहीं लेता, फिर भी सरकारों पर नियंत्रण रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि “राजस्थान अब स्वतंत्र राज्य नहीं रहा, बल्कि आरएसएस ने इसे केन्द्र शासित प्रदेश बना दिया है, जहाँ बिना दिल्ली की अनुमति कुछ नहीं होता।”

डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में ब्यूरोक्रेसी पूरी तरह से हावी है, मुख्यमंत्री और मंत्रियों की सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे जनता का विश्वास डगमगाया है। उन्होंने कहा कि आज की परिस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इंदिरा गांधी जैसी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और देशभक्ति के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र में “वोट चोरी से बनी सरकार” एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। मीडिया की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया जा रहा है, विरोधी नेताओं पर ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स की कार्रवाई की जा रही है।

राजस्थान की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि “अब एक डीजी पर दूसरा डीजी और उस पर तीसरा डीजी लगा दिया गया है, जिससे पुलिस व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।” डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार में मंत्री जनता से कट चुके हैं और पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी भरोसा नहीं है कि जनता के काम होंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के ठेके गुजरात की कंपनियों और दिल्ली दरबार में पैरवी करने वालों को दिए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय ठेकेदारों के हित प्रभावित हो रहे हैं।

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की मजबूती के लिए काम करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि जैसे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी निडरता से केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, वैसे ही हर कांग्रेस कार्यकर्ता को लोकतंत्र की रक्षा के लिए सक्रिय रहना चाहिए।

    Previous
    Next

    Related Posts