



जयपुर, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में मंगलवार को पर्यटन भवन, जयपुर में स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत खाटू श्याम जी कॉरिडोर (सीकर) के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि खाटू श्याम जी राजस्थान की सबसे प्रमुख धार्मिक नगरी है, जहां हर वर्ष लाखों की संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का विषय है, लेकिन इसके साथ ही एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है कि श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम अनुभव मिल सके।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि भारत सरकार के स्वदेश दर्शन 2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत खाटू श्याम जी में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में की गई। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और पार्किंग की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कमेटी गठित की गई है, जो जल्द ही ठोस सुझाव प्रस्तुत करेगी।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि दर्शनार्थियों एवं स्थानीय निवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए और सभी स्टेक होल्डर्स व जनप्रतिनिधियों के सुझावों को शामिल कर विकास कार्य करना ही अधिक प्रभावी होगा।” उन्होंने यह भी बताया कि कमेटी द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर राजस्थान सरकार के आगामी बजट में भी इस परियोजना के लिए राशि का प्रावधान किया जा सकता है।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव राजेश यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर भावना शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजस्थान मेला प्राधिकरण अशोक कुमार सांखला, अतिरिक्त निदेशक पर्यटन विभाग आनन्द कुमार त्रिपाठी, एसडीएम मोनिका सारस्वत, एएसपी दीपक गर्ग, श्री श्याम मंदिर कमेटी अध्यक्ष पृथ्वी सिंह चौहान, खाटूधाम व्यापार मण्डल अध्यक्ष सोनू जोशी, पूर्व चेयरमैन पवन पुजारी, तथा पीडीकोर और आरएसआरडीसी के अधिकारी उपस्थित रहे।