जयपुर के सिटी पैलेस में बुधवार को ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिष्ठित ‘सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2025’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का आयोजन सिटी पैलेस जयपुर म्यूजियम ट्रस्ट की ओर से किया गया, जिसमें उप मुख्यमंत्री एवं पूर्व राजपरिवार की सदस्य दीया कुमारी, ट्रस्ट के चेयरमैन सवाई पद्मनाभ सिंह, गौरवी कुमारी, और कई धर्मगुरु एवं विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत गोविंद देवजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्वर्गीय ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। समारोह का उद्देश्य जयपुर की संस्कृति, परंपरा, कला, और समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों और संस्थाओं को सम्मानित करना था।
इस वर्ष 25 अलग-अलग श्रेणियों में प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स प्रदान किए गए, जिनमें मानवता की सेवा, हेरिटेज संरक्षण, चिकित्सा, पत्रकारिता, कला, साहित्य, खेल, उद्योग और नवाचार जैसे क्षेत्र शामिल थे।
प्रमुख सम्मान और विजेता:
राजा दूल्हा राय अवॉर्ड: उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं के लिए राजस्थान महिला कल्याण मंडल
राजा काकिल देव अवॉर्ड: संस्कृति संरक्षण में कार्य के लिए जुन्ही हान
राजा पजवन देव अवॉर्ड: चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. हेमंत मल्होत्रा
राजा भगवंत दास अवॉर्ड: पारंपरिक शिल्प में मीनाक्षी राठौड़
राजा मान सिंह प्रथम अवॉर्ड: बहादुरी के लिए शहीद सूबेदार प्रभात गौड़
मिर्जा राजा जय सिंह प्रथम अवॉर्ड: सशस्त्र बलों में विशिष्ट सेवा के लिए कर्नल देब चंदन दास
मिर्जा राजा राम सिंह प्रथम अवॉर्ड: पर्यावरण संरक्षण हेतु सत्यभान सिंह
महाराजा विशन सिंह अवॉर्ड: ट्रैवल एंड टूरिज्म में सीता
महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय अवॉर्ड: खगोल विज्ञान में डॉ. वीरेंद्र नाथ शर्मा
महाराजा सवाई ईश्वरी सिंह अवॉर्ड: पत्रकारिता में धर्मेंद्र झा
महाराजा सवाई माधो सिंह प्रथम अवॉर्ड: समाज सेवा और परोपकार में सुनील अरोड़ा (सेवानिवृत्त IAS)
महाराजा सवाई प्रताप सिंह अवॉर्ड: साहित्य और शिक्षा में राजेंद्र सिंह खंगारोत
महाराजा सवाई जगत सिंह अवॉर्ड: कला और पेंटिंग में राजेंद्र मिश्रा
महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय अवॉर्ड: फोटोग्राफी में दिनेश डाबी
महाराजा सवाई माधो सिंह द्वितीय अवॉर्ड: थिएटर, फिल्म और टेलीविजन में अभिषेक मुद्गल
अन्य विशेष सम्मान:
महाराजा सवाई मान सिंह द्वितीय अवॉर्ड: खेल में संदीप सिंह मान
महारानी मरूधर कंवर अवॉर्ड: ट्रस्ट सेवा में मोबत सिंह नाथावत
महारानी किशोर कंवर अवॉर्ड: परफॉर्मिंग आर्ट में आर. डी. गौड़
राजमाता गायत्री देवी अवॉर्ड: महिला उत्कृष्टता के लिए डॉ. माया टंडन
महाराजा सवाई भवानी सिंह अवॉर्ड: व्यापार एवं उद्योग में अनिल अग्रवाल (चेयरमैन, वेदांता ग्रुप)
राजमाता पद्मिनी देवी अवॉर्ड: राजपरिवार के प्रति सेवाओं के लिए शिवराज सिंह
प्रिंसेज दीया कुमारी अवॉर्ड: अचीवर श्रेणी में लघु उद्योग भारती
एचएच महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह अवॉर्ड: हेरिटेज संरक्षण में इंटरग्लोब फाउंडेशन
प्रिंसेस गौरवी कुमारी अवॉर्ड: सोशल इम्पैक्ट स्टार्टअप हेतु डॉ. सुदीप्ति अरोड़ा
महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ऑफ सिरमौर अवॉर्ड: विशेष उपलब्धि हेतु गायक मोहित चौहान
कार्यक्रम की विशेषताएं:
सभी विजेताओं को सम्मान पत्र, पारंपरिक शॉल और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। समारोह में जयपुर की शाही परंपरा और कला की झलक देखने को मिली।