जयपुर। दीपावली के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में विधिवत रूप से लक्ष्मी पूजन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों और देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मजबूती की कामना करते हुए कहा कि दीपावली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समृद्ध भारत की दिशा में एक संकल्प भी है।
मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश भाजपा कार्यालय में पूरे विधि-विधान से लक्ष्मी पूजन कर हमने भगवान से प्रार्थना की कि भारतीय जनता पार्टी और अधिक सशक्त, समर्पित और जनकल्याणकारी बने। उन्होंने कहा कि सभी देवताओं की कृपा से देश आत्मनिर्भर बने और भारत का गौरव विश्व स्तर पर और ऊँचा उठे।
प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए अभियानों जैसे ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘स्वदेशी अपनाओ’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का उल्लेख करते हुए कहा कि देशवासियों को स्थानीय उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा, “हर घर स्वदेशी, हर घर आत्मनिर्भर भारत — यही इस दीपावली का संदेश होना चाहिए।” उन्होंने कहा कि जब हम स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देते हैं, तो देश का धन देश में ही रहता है और स्थानीय लोगों को रोजगार और सम्मान दोनों मिलते हैं।
अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर राठौड़ ने कहा कि जनता में जबरदस्त उत्साह है और भाजपा प्रत्याशी को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, “भाजपा का प्रत्याशी मोरपाल सुमन पूरी तरह निष्कलंक, जमीन से जुड़ा हुआ और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाला उम्मीदवार है। उस पर किसी भी प्रकार का कोई मुकदमा या आरोप नहीं है।”
राठौड़ ने आगे कहा कि नामांकन के दौरान बिना किसी बड़े आयोजन के हजारों लोगों की स्वस्फूर्त उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि जनता का भरोसा भाजपा पर अटूट है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रचार अभियान में जुटेंगे और भाजपा पूरे दमखम से यह चुनाव लड़ेगी।
भव्य लक्ष्मी पूजन कार्यक्रम:
भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक ने बताया कि लक्ष्मी पूजन कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह, प्रदेश मंत्री अजीत मांडण, स्टेफी चौहान, और जयपुर नगर निगम की मेयर सौम्या गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूजन के बाद सभी ने प्रदेश एवं राष्ट्र की समृद्धि और विकास की कामना की।