



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को दीपावली के पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपों का यह त्योहार खुशहाली, समृद्धि और हमारी जीवंत परंपराओं का प्रतीक है। दीपावली अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की जीत का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने लोगों से अपील की कि इस दीपावली पर ग्रीन पटाखों का उपयोग करें, जिससे पर्यावरण सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि हमें पारंपरिक मिट्टी के दीयों की रोशनी को प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि यही हमारी संस्कृति और लोक परंपरा की पहचान है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए जीएसटी सुधारों से स्थानीय व्यवसायों को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि दीपावली पर खरीदारी करते समय स्थानीय कारीगरों और दुकानदारों को प्राथमिकता दें, ताकि पारंपरिक कला और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
दीपावली की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करते हुए परिवार सहित जयपुर के मानसरोवर स्थित किरण पथ बड़े बाजार में खरीदारी की। उन्होंने मिट्टी के दीये, पूजन सामग्री, रंगोली, बंदनवार और फल खरीदकर स्थानीय व्यापारियों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि हमें स्थानीय दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स से अधिकाधिक खरीदारी करनी चाहिए, जिससे उनके घरों में खुशहाली आए। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित उत्पादों का उपयोग कर हम आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
खरीदारी के दौरान सीएम शर्मा ने दुकानदारों और स्ट्रीट वेंडर्स से आत्मीय बातचीत की और यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर ‘डिजिटल इंडिया’ का संदेश दिया। इस अवसर पर स्थानीय व्यापार संगठनों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया।