जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित मीडिया बाइट में घोषणा की कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए मोरपाल सुमन को आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है।राठौड़ ने कहा कि पार्टी ने यह निर्णय गहन सर्वेक्षण, संगठनात्मक विचार-विमर्श और क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं से परामर्श के बाद लिया है।
उन्होंने कहा कि मोरपाल सुमन जैसे जमीनी और कर्मठ कार्यकर्ता के माध्यम से भाजपा अंता की जनता को एक मजबूत, सजग और सेवाभावी नेतृत्व देना चाहती है। यह निर्णय पार्टी की संसदीय बोर्ड की सहमति से लिया गया है।
राठौड़ ने बताया कि मोरपाल सुमन एक सामान्य परिवार से आते हैं और वर्षों से भाजपा की विचारधारा से जुड़े हुए हैं।उन्होंने संगठन में विभिन्न दायित्वों का सफल निर्वहन किया है और अपने निस्कलंक छवि, सेवाभाव और जनसंपर्क क्षमता के कारण जनता में लोकप्रिय हैं। उनकी यही छवि और संगठनात्मक अनुभव उन्हें इस चुनाव के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बनाती है।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने अंता क्षेत्र में कराए गए विभिन्न सर्वेक्षणों में पाया कि मोरपाल सुमन को क्षेत्र का सबसे लोकप्रिय और स्वीकार्य चेहरा माना गया है। उनके चयन में सामाजिक समरसता, अनुभव और जनता से जुड़ाव को प्राथमिकता दी गई।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सुशासन और विकास की नीति को नई दिशा मिली है।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार लगातार जनहितैषी योजनाएं लागू कर रही है।अंता विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा विकास की गति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से अपील की कि वे मोरपाल सुमन को पूर्ण समर्थन दें और उन्हें ऐतिहासिक विजय दिलाएं।
राठौड़ ने अंत में सभी प्रदेशवासियों को धनतेरस, रूप चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।