गांधीनगर। गुजरात की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम हुआ। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अगुवाई वाली सरकार के सभी 16 मंत्रियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पटेल जल्द ही राज्यपाल को मंत्रियों के इस्तीफे सौंपेंगे।
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह 11:30 बजे गांधीनगर में नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह होगा। नई सरकार में दो उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) बनाए जाने की संभावना है और कई नए चेहरों को मंत्री पद मिल सकता है।
गुजरात में इस बार की नई कैबिनेट में भाजपा संगठन बड़े फेरबदल की तैयारी में है। भाजपा के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इस बार युवा और नए विधायकों को मौका देना चाहती है।साथ ही, कुछ ऐसे कांग्रेस से भाजपा में आए विधायकों को भी मंत्रिपरिषद में शामिल किया जा सकता है, जिन्होंने हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। मौजूदा सरकार में मुख्यमंत्री पटेल समेत 17 मंत्री हैं — इनमें 8 कैबिनेट रैंक और 8 राज्य मंत्री (MoS) हैं।राज्य की विधानसभा में कुल 182 विधायक हैं, जिनमें संवैधानिक रूप से मुख्यमंत्री सहित 27 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, शपथ समारोह में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के शामिल होने की संभावना है। यह समारोह राज्य में राजनीतिक संतुलन और संगठनात्मक संदेश के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नई कैबिनेट में संगठन की रणनीति यह है कि ऐसे चेहरों को शामिल किया जाए जिनकीछवि साफ-सुथरी और जनसंपर्क में मजबूत हो और जो 2027 के चुनावों से पहले पार्टी की छवि को निखारने में भूमिका निभा सकें। इसके अलावा क्षेत्रीय संतुलन और जातिगत समीकरणों को भी ध्यान में रखते हुए कैबिनेट का गठन किया जाएगा।