Tuesday, 14 October 2025

दीपावली पर जयपुर में चलेगा विशेष सफाई अभियान: उप महापौर पुनीत कर्णावट ने प्रशासनिक स्तर पर हो रही देरी पर जताई नाराजगी


दीपावली पर जयपुर में चलेगा विशेष सफाई अभियान: उप महापौर पुनीत कर्णावट ने प्रशासनिक स्तर पर हो रही देरी पर जताई नाराजगी

जयपुर। दीपावली पर्व को लेकर नगर निगम ग्रेटर जयपुर के उप महापौर पुनीत कर्णावट ने शहर में स्वच्छता, सीवर सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की है।उन्होंने कहा कि त्योहार के मद्देनजर सभी 150 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और प्रत्येक वार्ड में 10 से 15 अस्थाई कर्मचारियों की तैनाती की जाए।
उप महापौर ने इस संबंध में आयुक्त डॉ. गौरव सैनी को नोटशीट लिखकर प्रशासनिक स्तर पर हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। कर्णावट ने कहा कि दीपावली पर्व जयपुर की स्वच्छता, सौंदर्य और रोशनी की परंपरा का प्रतीक है, लेकिन इस वर्ष नगर निगम प्रशासन की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।उन्होंने कहा कि यह कार्य कम से कम 15 दिन पहले शुरू हो जाना चाहिए था, ताकि शहर के बाजारों और आवासीय इलाकों में सफाई, सीवर और लाइटिंग की व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो पातीं।

उप महापौर ने जताई नाराजगी, कहा — विलंब से तैयारी प्रभावित

उप महापौर पुनीत कर्णावट ने कहा कि प्रशासनिक विलंब के कारण क्षेत्रीय स्तर की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं, जिससे नागरिकों को दीपावली पर असुविधा हो सकती है। उन्होंने आग्रह किया कि अब तत्काल प्रभाव से आदेश जारी कर प्रत्येक जोन में सफाई और प्रकाश व्यवस्था के कार्य को युद्धस्तर पर शुरू किया जाए।उन्होंने कहा दीपावली केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह हमारे शहर की पहचान है। जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और आलोकित बनाए रखने के लिए निगम प्रशासन को तुरंत विशेष अभियान चलाना चाहिए।”

स्ट्रीट लाइट और सीवर सफाई पर भी विशेष ध्यान

कर्णावट ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान स्ट्रीट लाइट दुरुस्ती के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में अंधेरा या तकनीकी खराबी न रहे। साथ ही, सीवर सफाई और जल निकासी व्यवस्था की भी समीक्षा कर दिक्कत वाले इलाकों में अतिरिक्त संसाधन तैनात किए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि समय पर ये तैयारियां नहीं हुईं तो नागरिकों को त्योहारी दिनों में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

आयुक्त और महापौर से तत्काल निर्देश जारी करने का अनुरोध

उप महापौर ने महापौर और आयुक्त से आग्रह किया है कि दीपावली पर्व को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए तुरंत दिशा-निर्देश जारी करें।उन्होंने कहा कि प्रशासनिक समन्वय और सक्रियता से ही जयपुर शहर को इस दीपावली पर “स्वच्छ, सुंदर और आलोकित नगरी” के रूप में प्रस्तुत किया जा सकेगा।



Previous
Next

Related Posts