



जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कृषि कार्यक्रम के दौरान देश के किसानों के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं-प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना’ और ‘दलहन आत्मनिर्भरता मिशन’ का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें कृषि अवसंरचना कोष (Agriculture Infrastructure Fund), पशुपालन, मत्स्य पालन तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने, कृषि में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने और खाद्य सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से हिस्सा लिया। उन्होंने जयपुर के दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान (SIAM) में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री की यह दूरदर्शी पहल किसानों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक पद्धतियों और बाजार से बेहतर जुड़ाव का अवसर प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा प्रधानमंत्री की ये योजनाएं किसानों के जीवन में समृद्धि का नया अध्याय खोलेंगी। अब हमारे किसान भाई-बहन पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि आधुनिक कृषि प्रणाली, प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करेंगे।”
कार्यक्रम में राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना, सांसद राव राजेंद्र सिंह, श्रीमती मंजू शर्मा सहित कृषि और सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न जिलों के कृषि विशेषज्ञ तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
राज्य स्तरीय आयोजन के दौरान किसानों को नई योजनाओं की जानकारी दी गई और दलहन उत्पादन, जैविक खेती, जल संरक्षण एवं फसल विविधीकरण पर केंद्रित प्रस्तुतियां दी गईं।