



जयपुर। कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने एसएमएस अस्पताल में हाल ही में हुई आगजनी की घटना और आठ लोगों की मौत पर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है। खाचरियावास ने आरोप लगाया कि यह दर्दनाक हादसा सरकार की लापरवाही और भ्रष्ट सिस्टम का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल में 8 निर्दोष लोगों की मौत सरकार की नाकामी और जिम्मेदारी को उजागर करती है। इसके साथ ही उन्होंने एसीबी द्वारा डॉ. मनीष अग्रवाल को रिश्वत लेते पकड़े जाने को भाजपा से जोड़ते हुए बड़ा हमला बोला।
खाचरियावास ने दावा किया कि डॉ. मनीष अग्रवाल भाजपा के पदाधिकारी हैं और चुनावों के दौरान पार्टी के लिए प्रचार भी कर चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि:
क्या भाजपा का पदाधिकारी होने की वजह से डॉ. अग्रवाल को एसएमएस अस्पताल का वाइस प्रिंसिपल और खरीद विभाग का इंचार्ज बनाया गया?
क्या सरकार ने उन्हें संरक्षण दिया, जिसके चलते भ्रष्टाचार का यह जाल अस्पताल तक फैला?
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सीधा जवाब मांगते हुए कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री को जनता को यह स्पष्ट करना होगा कि डॉ. मनीष अग्रवाल का भाजपा से क्या संबंध है और क्या उनकी नियुक्ति में राजनीतिक दबाव काम कर रहा था।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि एसएमएस अस्पताल पूरी तरह भ्रष्टाचार के शिकंजे में है और नकली दवा से लेकर मरीजों की सुरक्षा तक में घोर लापरवाही हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी ने आमजन को असुरक्षित कर दिया है।