Saturday, 29 August 2026

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंत्रियों के लिए 41 नई लग्जरी एसयूवी खरीदने के प्रस्ताव को दी मंजूरी, दीपावली तक आएगी गाड़ियां, खर्च होगा 14 करोड़


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंत्रियों के लिए 41 नई लग्जरी एसयूवी खरीदने के प्रस्ताव को दी मंजूरी, दीपावली तक आएगी गाड़ियां, खर्च होगा 14 करोड़

जयपुर। राजस्थान सरकार अब लग्जरी एसयूवी में सफर करेगी। मंत्रियों की लगातार मांग पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 41 नई गाड़ियों की खरीद को मंजूरी दे दी है। इन गाड़ियों पर करीब 14 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से 35 गाड़ियों की खरीद प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है और सभी वाहन ऑटोमेटिक होंगे। इनकी बाजार कीमत 55 लाख रुपए तक है, लेकिन सरकार को टैक्स और अन्य छूटों के चलते ये गाड़ियां 35 से 45 लाख रुपए में मिलेंगी।

मंत्रियों की मांग पर मिली मंजूरी

भाजपा सरकार के गठन के बाद से ही मंत्रियों ने नई गाड़ियों की मांग उठाई थी। सामान्य प्रशासन विभाग ने खरीद प्रक्रिया शुरू की और वित्त विभाग से सहमति भी मिल गई थी। हालांकि कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री ने फाइल बिना हस्ताक्षर किए लौटा दी थी, लेकिन पिछले माह इसे फिर से आगे बढ़ाया गया और इस बार तुरंत मंजूरी दे दी गई। माना जा रहा है कि दिवाली या नवंबर तक ये गाड़ियां सरकार के बेड़े का हिस्सा बन जाएंगी।

क्यों पड़ती हैं गाड़ियां सस्ती?

सरकार द्वारा गाड़ियों की खरीद जेम पोर्टल (GeM Portal) से की जाती है। यहां कार निर्माता कंपनियां सीधे सरकार से डील करती हैं, जिससे डीलर का कमीशन खत्म हो जाता है।

  • कंपनियां सीधे डिस्काउंट देती हैं।

  • वाहनों के पंजीकरण पर राज्य कर नहीं लगता।

  • बीमा की जगह केवल थर्ड पार्टी बीमा करवाया जाता है।
    इन सब कारणों से गाड़ियां सरकार को बाजार दर से काफी सस्ती मिलती हैं।

पुरानी गाड़ियां हो चुकी हैं 3 साल से ज्यादा पुरानी

जनवरी 2022 में पिछली कांग्रेस सरकार ने मंत्रियों को एसयूवी श्रेणी की गाड़ियां उपलब्ध कराई थीं। अब ये गाड़ियां साढ़े तीन साल पुरानी हो चुकी हैं और अधिकतर वाहनों ने तीन लाख किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर ली है। इन्हीं कारणों से मंत्रियों की तरफ से नई गाड़ियों की मांग की जा रही थी, जिस पर अब सरकार ने मुहर लगा दी है।

Previous
Next

Related Posts