



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 13 अक्टूबर को प्रस्तावित केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जयपुर यात्रा को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां परस्पर समन्वय से और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू होने के बाद आपराधिक न्याय प्रणाली में बड़े बदलाव आए हैं। इन तीन नए कानूनों के एक वर्ष पूरे होने पर जयपुर के जेईसीसी, सीतापुरा में छह दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी आयोजित होगी, जिसका उद्घाटन गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के आयोजन में अधिक से अधिक आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अमित शाह राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के अंतर्गत आए निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग करेंगे। इसके अलावा वे विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म और दुग्ध उत्पादकों को सब्सिडी राशि का हस्तांतरण
150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का रजिस्ट्रेशन शुभारंभ
एफएसएल वाहनों और महिला सुरक्षा पेट्रोलिंग स्कूटी-मोटरसाइकिलों का फ्लैगऑफ
मुख्यमंत्री शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि इन सभी गतिविधियों की तैयारी समय पर पूरी हो।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि 13 अक्टूबर से जयपुर में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कॉन्फ्रेंस होगी। इसमें कानून व्यवस्था, भूप्रबंधन, सुशासन और सामाजिक-आर्थिक विषयों पर चर्चा होगी। राज्य सरकार के विकास रोडमैप पर भी मंथन किया जाएगा। अमित शाह इस कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कॉन्फ्रेंस राजस्थान के विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी।
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।