



जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की भाजपा सरकार पर जल जीवन मिशन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में केवल "लूट और झूठ की सरकार" चल रही है।
गहलोत ने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण जल जीवन मिशन अपने उद्देश्यों को पूरा करने में विफल रहा है। उन्होंने सरकार द्वारा जल कनेक्शनों की संख्या में गिरावट को उजागर करते हुए दावा किया कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह कर रही है।
उन्होंने लिखा, “भाजपा सरकार ने 2024-25 के बजट में 25 लाख जल कनेक्शन देने की घोषणा की थी, लेकिन केवल 9 लाख 44 हजार कनेक्शन ही जारी कर सकी। यह कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2022-23 में लगाए गए 13.88 लाख और 2023-24 में लगाए गए 12.17 लाख कनेक्शनों से भी कम है।”
गहलोत ने आगे कहा कि वर्ष 2025-26 के बजट में 20 लाख नल कनेक्शन देने का वादा किया गया था, लेकिन आधा साल बीतने के बाद भी सिर्फ 97 हजार कनेक्शन ही जारी किए गए हैं। इस औसत से पूरे बजट वर्ष में महज 2 लाख कनेक्शन ही हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा भाजपा सरकार के झूठ को उजागर करता है।
गहलोत ने जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के ठोस उदाहरण पेश करते हुए आरोप लगाया कि पीएचईडी विभाग में 6 एडिशनल चीफ इंजीनियर, 3 सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर और 17 एक्सईएन को लंबे समय से APO पर रखा गया है, जबकि सरकार अपने चहेते अधिकारियों को डबल चार्ज दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही वजह है कि भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और योजना पूरी तरह फेल हो रही है?