



जयपुर।अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) का 9 वां त्रिवार्षिक राष्ट्रीय अधिवेशन 5 से 7 अक्टूबर तक जयपुर स्थित केशव विद्यापीठ, जामडोली में आयोजित होगा। यह तीन दिवसीय महाआयोजन “शिक्षक राष्ट्र के लिए” विषय पर केंद्रित रहेगा, जिसमें देशभर के 29 राज्यों से लगभग 3500 शिक्षक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
अधिवेशन से एक दिन पहले 4 अक्टूबर को शाम 7 बजे महासंघ की यात्रा, शैक्षणिक दृष्टिकोण और राष्ट्रीय भूमिका को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसका उद्घाटन राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा और महापौर कुसुम यादव करेंगी। प्रदर्शनी में महासंघ की गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएंगे और 20 स्टॉलों पर साहित्य व जयपुर की प्रमुख वस्तुएं विक्रय हेतु उपलब्ध रहेंगी।
5 अक्टूबर प्रातः 11 बजे अधिवेशन का औपचारिक उद्घाटन होगा। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, देशभर के कुलपति और अनेक शिक्षाविद उपस्थित रहेंगे।
अधिवेशन के दूसरे दिन 6 अक्टूबर को सायंकाल तीन प्रख्यात शिक्षकों को अखिल भारतीय ‘शिक्षा भूषण शिक्षक सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान स्वरूप ₹1 लाख नकद, प्रशस्ति पत्र और चाँदी की थाली प्रदान की जाएगी।
इस वर्ष सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षाविद हैं:प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा (राजस्थान),प्रो. सुषमा यादव (दिल्ली),वीजे श्रीकुमार (केरल) शामिल है।
सम्मान समारोह में आचार्य महामण्डलेश्वर जूना पीठाधीश्वर पूज्यपाद स्वामी अवधेशानंद जी महाराज एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री सुरेश सोनी भी मौजूद रहेंगे।
एबीआरएसएम के सह मीडिया प्रमुख बसंत जिंदल ने बताया कि अधिवेशन में तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे:
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के 5 वर्ष पूरे होने पर समीक्षा और भविष्य की दिशा।
सीमा से समाज तक राष्ट्रीय सुरक्षा पर विमर्श।
शिक्षकों की समस्याओं के समाधान पर प्रस्ताव।
अधिवेशन में विचार-विमर्श और मार्गदर्शन के लिए कई दिग्गज शिक्षाविद और विचारक उपस्थित रहेंगे। इनमें प्रमुख हैं:
डॉ. सुधांशु त्रिवेदी (भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता)
प्रो. एम. जगदीश कुमार (पूर्व अध्यक्ष, यूजीसी)
प्रो. दिनेश सकलानी (निदेशक, एनसीईआरटी)
हनुमान सिंह राठौड़ (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य)