Thursday, 13 November 2025

पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता 62 वर्षीय रामेश्वर डूडी का निधन, बीकानेर में शनिवार को होगी अंत्येष्टि


पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता 62 वर्षीय रामेश्वर डूडी का निधन, बीकानेर में शनिवार  को होगी अंत्येष्टि

बीकानेर। राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। 62 वर्षीय डूडी अगस्त 2023 में ब्रेन हैमरेज के बाद से कोमा में थे। शुक्रवार रात करीब 1 बजे उन्होंने बीकानेर स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली।

अगस्त 2023 में ब्रेन हैमरेज होने के बाद डूडी को जयपुर और बाद में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत में सुधार न होने पर कुछ दिन पहले ही उन्हें बीकानेर लाया गया। उनके वैध मघाराम कॉलोनी स्थित आवास पर विशेष आईसीयू व्यवस्था की गई थी, जहाँ डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज कर रही थी। हालांकि, शुक्रवार देर रात उनकी हालत बिगड़ी और निधन हो गया।

नोखा के रायसर गांव के मूल निवासी रामेश्वर डूडी पश्चिमी राजस्थान में किसानों की बुलंद आवाज माने जाते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में पंचायत समिति प्रधान, जिला प्रमुख, विधायक, सांसद और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे अहम पदों पर कार्य किया। उनकी पत्नी सुशीला डूडी वर्तमान में नोखा से विधायक हैं।

भतीजे अतुल डूडी ने बताया कि डूडी का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर 1 बजे बीकानेर के जाट बगीची में किया जाएगा। उनके निधन से बीकानेर सहित पूरे राजस्थान में शोक की लहर दौड़ गई है।

रामेश्वर डूडी के निधन की खबर मिलते ही शोक संवेदनाओं का सिलसिला शुरू हो गया। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिश्नाराम सियाग, भाजपा नेता बिहारीलाल बिश्नोई, देहात भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर पंचारिया, शशिकांत शर्मा और अशोक भाटी समेत कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। सभी ने कहा कि राजस्थान ने एक सशक्त नेता और किसानों की आवाज खो दी है।

Previous
Next

Related Posts