



जयपुर। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एवं कैंसर केयर का 28 वां स्थापना दिवस समारोह शुक्रवार को महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सम्मान समारोह से हुई, जिसमें अस्पताल और कैंसर केयर में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों, कर्मचारियों और सहयोगियों को पुरस्कृत किया गया।
चिकित्सालय के अध्यक्ष नवरतन कोठारी ने अस्पताल के 28 वर्षों के सफर पर प्रकाश डालते हुए कैंसर उपचार और जागरूकता में किए गए योगदान को रेखांकित किया। वरिष्ठ उपाध्यक्षा अनिला कोठारी ने कहा कि अस्पताल को आने वाले वर्षों में 300 से बढ़ाकर 500 बेड का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही उन्नत उपकरणों की स्थापना और नए नवाचारों के जरिए कैंसर उपचार को और सशक्त बनाया जाएगा।
सम्मान समारोह के बाद कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंजना चांडक द्वारा प्रस्तुत एकल नाटक "द्रौपदी" रहा। इस नाटक में जीवन के संघर्ष, नारी सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की भूमिका को मार्मिक और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। दर्शकों ने प्रस्तुति की सराहना की और इसे महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश माना।
कैंसर केयर संरक्षिका सुनीता गहलोत ने कहा कि बीएमसीएचआरसी और कैंसर केयर ने राजस्थान में कैंसर उपचार और जागरूकता को नई ऊँचाइयों पर पहुंचाया है। समाज के स्वास्थ्य सुधार के लिए ऐसे प्रयास प्रेरणादायी हैं और इन्हें आगे भी निरंतर जारी रहना चाहिए।
कार्यक्रम में विभिन्न चिकित्सकों और कर्मचारियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए —
संजीवनी अवार्ड: डॉ. तराचंद गुप्ता (मेडिकल ऑन्कोलॉजी), डॉ. प्रवीण गुप्ता (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी), डॉ. सचिन बंसल (एनेस्थीसिया), डॉ. उपेंद्र शर्मा (हेमेटो-ऑन्कोलॉजी)
आई केयर अवॉर्ड: नर्सिंग सेवाओं के लिए
मार्वल्स अवॉर्ड: पैरामेडिकल्स और प्रशासनिक टीम
वी केयर अवॉर्ड: वार्ड-4 डे केयर
स्टार टीम अवार्ड: ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग, ब्लड सेंटर, फाइनेंस एंड अकाउंट्स, प्रिवेंटिव ऑन्कोलॉजी (कैंसर जांच आपके द्वार टीम), कैंसर केयर टीम
गोल्डन ईयर अवार्ड: 20 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर धीरेंद्र सिंह तोमर, जयराम राईका, रमा मथुरिया और प्रेम बाई को सम्मानित किया गया