Saturday, 29 August 2026

जयपुर में वनकर्मियों की पिटाई से आहत युवक ने की आत्महत्या, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा


जयपुर में वनकर्मियों की पिटाई से आहत युवक ने की आत्महत्या, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

जयपुर। जयपुर ग्रामीण इलाके के रायसर में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया। गुरुवार को बकरियां चराने गए एक युवक को वनकर्मियों ने कपड़े उतरवाकर पीटा और 2200 रुपए का चालान काट दिया। इस अपमान और मारपीट से आहत युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही और कुछ ही देर बाद वह पेड़ पर फंदे से लटका मिला।

पुलिस कॉल के बाद भी नहीं बची जान

सूत्रों के अनुसार, युवक विक्रम ने घटना के बाद पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर जानकारी दी थी। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर रायसर पुलिस ने तुरंत विक्रम को कॉल किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। लोकेशन ट्रेस करके पुलिस मौके पर पहुंची तो विक्रम मृत अवस्था में पेड़ से लटका मिला।

गुस्साए ग्रामीणों का प्रदर्शन और तोड़फोड़

युवक की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा भड़क गया। देर रात सैकड़ों ग्रामीण रायसर वन रेंज ऑफिस पहुंचे और वहां जमकर तोड़फोड़ की। वनकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। शुक्रवार को भी माहौल तनावपूर्ण रहा। परिजन और ग्रामीण दोषी वनकर्मियों पर कार्रवाई व मुआवजे की मांग को लेकर ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए।

थाने पर पथराव, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

शुक्रवार दोपहर भीड़ उग्र होकर रायसर थाने पहुंची और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पथराव शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को थाने से भागना पड़ा। बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर और आंसू गैस के गोले दागकर भीड़ को तितर-बितर किया।

पुलिस ने कहा- स्थिति नियंत्रण में

एसपी (जयपुर ग्रामीण) राशि डोगरा डूडी ने बताया कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले करीब 10 लोगों को राउंडअप किया गया है। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों से बातचीत की जा रही है और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Previous
Next

Related Posts