Sunday, 05 October 2025

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के लिए रवाना, बारबाडोस में करेंगे राजस्थान का प्रतिनिधित्व


विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के लिए रवाना, बारबाडोस में करेंगे राजस्थान का प्रतिनिधित्व

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी 68 वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए गुरुवार को जयपुर से दिल्ली रवाना हुए। वे शुक्रवार प्रातः दिल्ली से लंदन और वहां से कैरिबियन देश बारबाडोस जाएंगे। यह सम्मेलन 5 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होगा, जिसमें श्री देवनानी भारतीय संसदीय दल के साथ राजस्थान विधान मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

लोकतंत्र और संसदीय नवाचार पर करेंगे पत्र वाचन

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी इस सम्मेलन में लोकतंत्र और संसदीय व्यवस्थाओं की मजबूती पर पत्र वाचन करेंगे। साथ ही राजस्थान विधानसभा में हाल के वर्षों में किए गए नवाचारों और जन-हितकारी पहलुओं को भी वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे। उनके साथ प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा भी इस यात्रा में शामिल हैं।

लंदन में कार्यक्रम और भारतीय समुदाय से मुलाकात

सम्मेलन में भाग लेने से पूर्व देवनानी लंदन में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के मुख्यालय का दौरा करेंगे और वहां के अधिकारियों से विचार-विमर्श करेंगे। वे लंदन प्रवास के दौरान भारतीय समुदाय और विभिन्न सामाजिक संगठनों से भी मुलाकात करेंगे।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट

प्रस्थान से पहले विधानसभा अध्यक्ष ने राजभवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने दशहरे की शुभकामनाएं दीं और सम्मेलन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने इस अवसर को राजस्थान विधानसभा की लोकतांत्रिक उपलब्धियों को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर बताते हुए श्री देवनानी को शुभकामनाएं दीं।

विधानसभा अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्री देवनानी को पुष्पगुच्छ भेंट कर यात्रा की सफलता की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर प्रमुख सचिव श्री भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक केके शर्मा सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts