



बेंगलुरु। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे (83 वर्ष) को मंगलवार को बेंगलुरु के एमएस रमैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके बेटे और कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियांक खड़गे ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए इसकी जानकारी दी।
प्रियांक ने लिखा, “डॉक्टरों ने पेसमेकर लगाने की सलाह दी है और उन्हें पहले से तय योजना के तहत अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी हालत स्थिर है और वे बेहतर महसूस कर रहे हैं। आपकी चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभारी हूं।”
पार्टी सूत्रों के अनुसार खड़गे को मंगलवार को बुखार और पैर में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी देखरेख कर रही है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को खड़गे से अस्पताल जाकर मुलाकात की। बाहर आकर उन्होंने बताया, “उन्हें थोड़ी बेचैनी हो रही थी। अब वे बिल्कुल ठीक हैं और बातचीत कर रहे हैं। डॉक्टरों ने कहा है कि उन्हें कल तक छुट्टी दे दी जाएगी।”