



बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम से करीब 3 घंटे पहले बीकानेर पहुंचे। जहां उनका कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के अनुसार उन्हें सुबह 8 बजे आना था, लेकिन वे तड़के सुबह 5 बजे के बाद ही बीकानेर पहुंच गए।
सबसे पहले देशनोक में देहात भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। यहां जिला अध्यक्ष श्याम पंचारिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत करने वालों में जिला महामंत्री कैलाश बिश्नोई, दिलीप सिंह राजपुरोहित, जिला प्रवक्ता महेंद्र ढाका, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष भंवर जांगिड़, जिला कार्यक्रम संयोजक भवानी पाईवाल, सोशल मीडिया जिला संयोजक पवन स्वामी, कुम्भनाथ सिद्ध, राधाकिशन अक्कासर, राधेश्याम शर्मा, चन्द्रू रमाणी और विनोद जांगू शामिल थे।
इसके बाद राठौड़ ने करणी माता मंदिर और काली माता मंदिर में दर्शन किए। यहां भी गंगाशहर मंडल की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
शाम 7 बजे वे अचानक मधुबन फार्म पहुंचे और यहां पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच गोपनीय बातचीत हुई। इस मुलाकात ने स्थानीय और प्रदेश राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। राजनीतिक हलकों में इसे आगामी रणनीति और संगठनात्मक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।