



जयपुर। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की क्राइम इन इंडिया-2023 रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान फाइनेंस फ्रॉड मामलों में पूरे देश में पहले स्थान पर है। वर्ष 2023 में देशभर में आर्थिक अपराध (रुपयों के लेनदेन से जुड़े अपराध) के कुल 1,98,916 मामले दर्ज हुए, जिनमें से सबसे अधिक 27,675 मामले राजस्थान में सामने आए।
राजस्थान के बाद तेलंगाना 22,881 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, उत्तरप्रदेश में 23,428, महाराष्ट्र में 19,803 और आंध्रप्रदेश में 8,664 आर्थिक अपराध दर्ज किए गए। आंकड़ों के अनुसार आर्थिक अपराधों का बड़ा हिस्सा वित्तीय धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े से संबंधित है।
रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2023 में देशभर में हत्या के 27,056 मामले दर्ज हुए। इसमें राजस्थान 1,804 मामलों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
पहले स्थान पर उत्तरप्रदेश – 3,206 मामले
दूसरे पर बिहार – 2,862 मामले
तीसरे पर महाराष्ट्र – 2,208 मामले
चौथे पर मध्यप्रदेश – 1,832 मामले
महिला अपराध (क्राइम अगेंस्ट वुमन) में भी राजस्थान टॉप-5 राज्यों में शामिल है। 2023 में पूरे देश में 4,48,211 महिला अपराध दर्ज किए गए, जिनमें सबसे अधिक मामले उत्तरप्रदेश में सामने आए।
रिपोर्ट के अनुसार देशभर में साइबर अपराधों में 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई। वर्ष 2023 में कुल 86,420 साइबर क्राइम केस दर्ज हुए। इनमें प्रमुख रूप से वित्तीय धोखाधड़ी, लैंगिक शोषण और फिरौती के मामले शामिल रहे। साइबर क्राइम में राजस्थान 8वें स्थान पर रहा।