



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को सांगानेर स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा के बीच वरिष्ठ लेखक एवं संपादक रामानंद राठी द्वारा लिखित बहुरंगी कॉफी टेबल बुक “सांगानेर – एक सम्पूर्ण परिक्रमा” का विमोचन किया। यह पुस्तक सांगानेर के इतिहास, संस्कृति, सामाजिक-राजनीतिक जीवन और उद्योग-व्यापार के विविध पहलुओं पर आधारित शोधपूर्ण सामग्री से सुसज्जित है।
इस पुस्तक की भूमिका मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वयं लिखी है।पुस्तक के संकल्पनाकार वरिष्ठ RAS अधिकारी डॉ. गोरधन लाल शर्मा हैं। इसमें 100 से अधिक रंगीन छायाचित्र शामिल किए गए हैं।यह विश्व की पहली पुस्तक है जो सांगानेर के हस्तनिर्मित कागज पर छपी है और जिसकी बाइंडिंग में सांगानेर के पारंपरिक हैंड ब्लॉक प्रिंटेड कपड़े का प्रयोग हुआ है।
पुस्तक सांगानेर की 500 वर्ष पुरानी परंपरा और आधुनिक परिवेश के अद्भुत सम्मिश्रण को प्रस्तुत करती है।
पुस्तक विमोचन समारोह में सांगानेर के सैकड़ों बुद्धिजीवी और गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी,जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा,महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर,प्रकाशक पैनासिया रिसर्च फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती पुष्पा शर्मा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि “सांगानेर केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे भारत का एक सांस्कृतिक और औद्योगिक धरोहर है। इस पुस्तक से आने वाली पीढ़ियों को सांगानेर की विरासत और उपलब्धियों की प्रेरणा मिलेगी।”