



ब्यावर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि “हर नागरिक तक सुशासन, सुविधाएं और विकास की पहुंच सुनिश्चित करना हमारी सरकार का संकल्प है। सेवा पखवाड़ा इसी दिशा में एक सशक्त माध्यम बन रहा है।” उन्होंने मंगलवार को ब्यावर के जैतारण में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में प्रदेशभर के लिए 362 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और 1.87 लाख निर्माण श्रमिकों को 209 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा शिविर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करने और योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बन रहे हैं।
अब तक 4,121 ग्रामीण शिविरों में 53 हजार नामांतरण, 54 हजार शुद्धिकरण और 64 हजार पट्टे वितरित हुए हैं।प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की 82 हजार से अधिक पॉलिसियां वितरित की गई हैं। शहरी शिविरों में 8 हजार पट्टे और 42 हजार प्रमाण पत्र जारी हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बांसवाड़ा न्यूक्लियर पावर प्लांट राजस्थान और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगा। प्रदेश के 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध हो रही है।
उन्होंने बताया कि 91 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और 1.54 लाख पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। वहीं राइजिंग राजस्थान समिट में मिले 35 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों में से 7 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की पहल “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 19 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी पहलों को भी प्रेरणादायक बताया।
10 छात्रावास (28 करोड़)
05 मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह
राजकीय देवनारायण आवासीय विद्यालय, रास (28.62 करोड़)
16 सड़कें (20.05 करोड़)
71 जल संरचनाएं (4 करोड़)
शिलान्यास किए गए कार्य:
30 छात्रावास (84 करोड़)
21 सड़कें (117 करोड़)
07 उप स्वास्थ्य केंद्र (49.40 करोड़)
33/11 केवी सब स्टेशन, आनन्दपुर कालू (1.82 करोड़)
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण श्रमिकों को राशि हस्तांतरित, दिव्यांगजनों को उपकरण और लाभार्थियों को स्कूटी वितरित की। मंच से संबोधन के दौरान उन्होंने भीड़ में खड़ी एक बेटी को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया, जिसने उन्हें अपनी बनाई तस्वीर भेंट की।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत, सांसद पी.पी. चौधरी, विधायक और संत-महात्मा सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।