



बीकानेर। बीकानेर में रविवार देर रात गरबे के दौरान हुआ विवाद बड़ा रूप ले बैठा। मामूली कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों की पत्थरबाजी में बदल गई। मामला नया शहर थाना क्षेत्र के बेनीसर बाड़ी का है। पत्थरबाजी के दौरान सीओ सिटी श्रवण दास संत की कमर में चोट लगी, साथ ही कई पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग भी घायल हुए।
जानकारी के मुताबिक रात 10:30 बजे गरबे के दौरान पास के मोहल्ले के कुछ लड़के वहां पहुंचे और कथित तौर पर छेड़छाड़ करने लगे। इस पर आयोजकों और स्थानीय लोगों ने उन्हें टोका जिससे धक्का-मुक्की हो गई। मामला शांत होने के बाद करीब 11 बजे वही लड़के अपने साथियों के साथ दोबारा लौटे और झगड़ा करने लगे। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और पत्थरबाजी शुरू हो गई।
पत्थरबाजी इतनी तेज थी कि घरों की छतों से भी टाइल्स और पत्थर फेंके गए। मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी पथराव जारी रहा। इसी दौरान सीओ सिटी सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई घरों के अंदर भी पत्थर गिरे, जिससे एक महिला समेत कुछ स्थानीय लोग घायल हुए।
मौके पर भीड़ बढ़ती देख विधायक जेठानंद व्यास पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। व्यास हाथ जोड़कर लोगों से संयम रखने की अपील करते रहे। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
पत्थरबाजी के दौरान एक बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बाइक पर कई पत्थर फेंके गए, हालांकि गनीमत रही कि उसमें आग नहीं लगी। पुलिस ने बाइक को सीज कर लिया है। पुलिस की जीप पर पत्थर फेंकने वालों की भी पहचान की जा रही है।
एडिशनल एसपी सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि इस मामले में 4 से 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।