



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कानून का राज स्थापित करना और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सुरक्षित वातावरण होने पर ही विकास संभव है। इसी दिशा में सरकार ने पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं।
सोमवार को मुख्यमंत्री शर्मा ने नारायण विहार, पत्रकार कॉलोनी और खोरा बीसल थानों का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि यह केवल पुलिस भवनों का उद्घाटन नहीं है, बल्कि आमजन के लिए सुरक्षित राजस्थान की दिशा में एक मजबूत पहल है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 2 पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, 22 नए पुलिस थानों का सृजन, 8 पुलिस चौकियों का थाने में क्रमोन्नयन और 35 नई पुलिस चौकियां खोलने की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स गठित कर जयपुर मुख्यालय पर एक नया थाना और 9 नई चौकियों की स्थापना के लिए 255 पद स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि प्रदेश में 65 एंटी रोमियो स्क्वॉड गठित किए गए हैं, जो स्कूल, कॉलेज, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर सक्रिय हैं। साथ ही, तीन महिला बटालियन – पद्मिनी, काली बाई और अमृता देवी का गठन कर 2,216 पद स्वीकृत किए गए हैं।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए 500 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला हेल्पलाइन 1090 और राजकॉप एप के जरिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सभी थानों के अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड कम्प्यूटरीकृत कर दिया गया है।
पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम बेहतर बनाने के लिए 25 इंटरसेप्टर वाहन, 750 मोटरसाइकिलें और 500 मोबाइल यूनिट वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। एफएसएल को मजबूत किया गया है और 123 नए पद सृजित किए गए हैं ताकि जांच समयबद्ध और सटीक हो सके।
पुलिस बल को सशक्त करने के लिए 2,000 नए कॉन्स्टेबल पद सृजित कर भर्ती प्रक्रिया तेज की गई है।
शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों में अपराध के मामलों में निरंतर गिरावट आई है।2023 से 2025 के बीच अपराधों में 19.45% की कमी.2024 से 2025 के बीच अपराधों में 13.90% की कमी,अनुसूचित जाति अत्याचार में 17.80% की कमी,अनुसूचित जनजाति अत्याचार में 18.77% की कमी और महिला अत्याचार के मामलों में 9.24% की कमी दर्ज की गई है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फीता काटकर नारायण विहार थाना तथा पत्रकार कॉलोनी एवं खोरा बीसल थानों का वर्चुअली शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सुरक्षा सखियों से संवाद किया और पुलिस अधिकारियों की सराहना की।
इस मौके पर स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।