Saturday, 29 August 2026

मुख्यमंत्री ने सांगानेर में किया 529 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण: प्रदेश का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता: भजनलाल शर्मा


मुख्यमंत्री ने सांगानेर में किया 529 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण: प्रदेश का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता: भजनलाल शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को सांगानेर विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए 529 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सांगानेर जैसे औद्योगिक व सांस्कृतिक महत्व के क्षेत्र को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

सांगानेर को मिली लगभग 700 करोड़ रुपये की सौगात

मुख्यमंत्री ने बताया कि सांगानेर को कुल मिलाकर करीब 700 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है। इस अवसर पर उन्होंने 529 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इसके अलावा 171 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण सांगानेर स्टेडियम से हुआ, वहीं 218 करोड़ रुपये की लागत से गोपालपुरा बाईपास से त्रिवेणी नगर आरओबी से गुर्जर की थड़ी तक एलिवेटेड रोड का शिलान्यास भी किया गया।

बिजली, सड़क और नगरीय विकास को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सांगानेर में केवल बिजली के क्षेत्र में ही लगभग 100 करोड़ रुपये के कार्य किए गए हैं। साथ ही यहां यूनिटी मॉल, जयपुर मेट्रो कनेक्टिविटी और सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक एलिवेटेड रोड जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स क्षेत्र के औद्योगिक और सांस्कृतिक महत्व को और मजबूती देंगे।

सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आमजन को मिल रही राहत

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू हुए सेवा पखवाड़े के तहत प्रदेशभर में ग्रामीण और शहरी शिविर आयोजित हो रहे हैं, जिनमें आमजन को योजनाओं का तत्काल लाभ मिल रहा है। उन्होंने अपील की कि लोग इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर योजनाओं का लाभ उठाएं।

आंगनबाड़ी व दिव्यांगों को भी मिला लाभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए सामग्री वितरण और दिव्यांगजनों को स्कूटी सौंपी। साथ ही एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उपमुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार

उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण को प्राथमिकता मानते हुए निरंतर निर्णय ले रही है। उन्होंने पीएम मोदी द्वारा हाल ही में किए गए जीएसटी सुधारों को आमजन के लिए बड़ी राहत बताया।

आमजन ने किया जोरदार स्वागत

मुख्यमंत्री का आमजन ने जगह-जगह माला पहनाकर और अभिनंदन कर स्वागत किया। इस अवसर पर नगरीय एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, विधायक कैलाश वर्मा, महापौर श्रीमती सौम्या गुर्जर, उपमहापौर पुनीत कर्णावट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts