Saturday, 29 August 2026

बीकानेर में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की कार्रवाई, नकली बायो उर्वरक की दो फैक्ट्रियां पकड़ी


बीकानेर में कृषि मंत्री  डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की कार्रवाई, नकली बायो उर्वरक की दो फैक्ट्रियां पकड़ी

बीकानेर। कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा रविवार को फिर एक्शन मोड में दिखे। इस बार उन्होंने बीकानेर जिले में नकली बायो उर्वरक बनाने वाली दो बड़ी इकाइयों पर छापेमारी की। पहली कार्रवाई गजनेर थाना क्षेत्र के खारी गंगापुरा गांव में हुई, जहां से करीब 24 हजार बैग जब्त किए गए। वहीं, दूसरी कार्रवाई कोलायत के सांखला फांटे से तीन किलोमीटर दूर की गई, जहां से 40 हजार बैग नकली बायो उर्वरक बरामद हुए। दोनों फैक्ट्रियों को तत्काल सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग के जॉइंट डायरेक्टर मदनलाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

नेपाल तक जा रही थी सप्लाई

कृषि मंत्री डॉ.मीणा ने बताया कि इन इकाइयों से न केवल राजस्थान के विभिन्न जिलों में बल्कि नेपाल तक सप्लाई की जा रही थी। उन्होंने कहा कि यह नकली उर्वरक किसानों की जमीन को बंजर बना रहा है और उनकी मेहनत पर पानी फेर रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों पर लगातार सख्त कार्रवाई होगी।

पहले भी की गई थी बड़ी कार्रवाई

कृषि मंत्री डॉ. मीणा ने बताया कि इससे पहले पदमपुर में नकली उर्वरक फैक्ट्री पर छापा मारकर ठोस सबूत जुटाए गए थे। उसी जांच के आधार पर बीकानेर जिले में यह नई कार्रवाई की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों इकाइयों को तुरंत सीज कर उर्वरक के सैंपल की जांच रिपोर्ट तैयार की जाए।

किसानों से अपील

कृषि मंत्री डॉ. मीणा ने किसानों से अपील की कि वे केवल प्रमाणित विक्रेताओं से ही खाद-बीज खरीदें और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की तुरंत विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि नकली खाद-बीज बनाने और बेचने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

कोलायत में बन रही थी नकली डीएपी

सूत्रों के अनुसार, कोलायत क्षेत्र की मिट्टी का उपयोग नकली डीएपी खाद बनाने के लिए किया जा रहा था। यहां पकड़ी गई फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर पैकिंग और वितरण का काम किया जा रहा था। यह नकली खाद किसानों की फसल और उपजाऊ शक्ति को सीधे तौर पर प्रभावित कर रही थी।

    Previous
    Next

    Related Posts