



जयपुर। राजस्थान जेल विभाग ने वर्ष 2023-24 में 23 डिप्टी जेलरों को जेलर पद पर प्रमोट किया है। खास बात यह है कि इनमें पहली बार 7 महिला अधिकारी भी शामिल हुई हैं, जो अब जेलर पद पर अपनी सेवाएँ देंगी। इनका चयन राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) में आयोजित लिखित परीक्षा, आउटडोर टेस्ट और इंटरव्यू के आधार पर किया गया।
विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) ने 27 और 28 सितंबर को संवीक्षा परीक्षा आयोजित की थी। इसमें 21 अधिकारियों को प्रमोशन के लिए योग्य पाया गया। इसके अलावा, पिछले महीने 2 अधिकारियों को गैलेंट्री प्रमोशन मिला था। इस तरह कुल 23 डिप्टी जेलरों को जेलर बनाया गया है। ये सभी अधिकारी अब जिला और केंद्रीय कारागारों में जिम्मेदारी संभालेंगे।
प्रमोशन प्रक्रिया में महानिदेशक पुलिस (जेल) गोविंद गुप्ता, जेल अधीक्षक मुख्यालय जयपुर प्रमोद सिंह और अधीक्षक स्पेशल सेंट्रल जेल श्यालावास, दौसा पारस जांगिड़ शामिल रहे। समिति ने उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, आउटडोर परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया।
सदस्य सचिव पारस जांगिड़ ने बताया कि इस बार पहली बार एक साथ 7 महिला अधिकारियों को जेलर पद पर प्रमोट किया गया है। प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में शामिल हैं:अशोक पारीक,सुषमा सेन,दिव्या चौधरी,सतेंद्र,प्रियंका चौधरी हिना,सुमन कुमारी,कविता बिश्नोई,रणवीर सिंह,हेमंत भारद्वाज, धर्मवीर,हेमराज वैष्णव,पवन डउकिया,ताराचंद शर्मा,महेश शर्मा,तरसेम सिंह,मोहम्मद आरिफ खान,ओम प्रकाश शर्मा,बीना मीणा,कालूराम मीणा,भगवान सहाय मीणा,जबकि लोकोज्ज्वल सिंह और सुगर सिंह को पिछले महीने गैलेंट्री प्रमोशन दिया गया था।