Sunday, 28 September 2025

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ‘मन की बात’ पर कार्यकर्ताओं संग साझा किए विचार, कांग्रेस पर साधा निशाना


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ‘मन की बात’ पर कार्यकर्ताओं संग साझा किए विचार, कांग्रेस पर साधा निशाना

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 126वें एपिसोड को सुना और उस पर विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की नीतियों और चरित्र पर सवाल उठाते हुए भाजपा की कार्यशैली को राष्ट्रहितकारी बताया।

शहीद भगत सिंह और लता मंगेशकर को नमन

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह के अदम्य साहस और बलिदान का उल्लेख कर युवाओं को प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने भारत रत्न लता मंगेशकर और महान कवि-संगीतकार सुधीर फड़के को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। पीएम ने दो बेटियों की 14,000 किलोमीटर की साहसिक नाव यात्रा का उल्लेख कर बेटियों के हौसले को मिसाल बताया।

RSS और आत्मनिर्भर भारत पर बल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 1925 में हुई स्थापना की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि यह संगठन आज राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने गांधी जयंती पर खादी खरीदने, वोकल फॉर लोकल को अपनाने और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में संकल्प लेने का आह्वान किया।

कांग्रेस पर तीखा हमला

राठौड़ ने कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा—“कांग्रेस के लिए व्यक्तिगत चरित्र का कोई मूल्य नहीं रह गया है, जबकि भाजपा व्यक्तिगत और राष्ट्रीय चरित्र दोनों को महत्व देती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे व्यक्तियों को पार्टी में वापस ले रही है, जिनके बयानों और आचरण पर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक नेता ने कभी “राजस्थान मर्दों का प्रदेश है” जैसी असंवेदनशील टिप्पणी की थी, जो न केवल प्रदेश की छवि खराब करती है बल्कि पीड़ितों के प्रति घोर असंवेदनशीलता भी दर्शाती है।

बांसवाड़ा एटॉमिक एनर्जी प्लांट और वंदे भारत ट्रेन का जिक्र

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में बांसवाड़ा में 2800 मेगावाट क्षमता वाले एटॉमिक एनर्जी प्लांट का शिलान्यास कर प्रदेश को बड़ी सौगात दी है। इससे पहले ऐसा संयंत्र केवल रावतभाटा में था। यह राजस्थान के ऊर्जा क्षेत्र को नई ताकत देगा। साथ ही पीएम मोदी ने वंदे भारत ट्रेनों का उपहार भी दिया, जिससे यातायात और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति

‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, नाहर सिंह जोधा, प्रभुलाल सैनी, प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, प्रदेश मंत्री अजीत मांडण, स्टेफी चौहान, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, रजनीश चनाना, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष हमीद खान मेवाती, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ संयोजक राजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts