



नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को बड़ा फैसला लेते हुए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल अगले साल मई तक बढ़ा दिया है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि उनका कार्यकाल 30 मई 2026 तक या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
जनरल अनिल चौहान का मौजूदा कार्यकाल 30 सितंबर 2025 को समाप्त हो रहा था। वे 30 सितंबर 2022 को देश के दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त हुए थे। इससे पहले 2021 में पहले CDS जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था।
जनरल चौहान की गिनती देश के अनुभवी सैन्य अधिकारियों में होती है। वे भारतीय सेना के पूर्व पूर्वी कमान (Eastern Command) के प्रमुख रह चुके हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों में उनका गहरा अनुभव माना जाता है।
सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब देश की रक्षा तैयारियों को लेकर कई बड़े सुधार चल रहे हैं और CDS की भूमिका तीनों सेनाओं के बीच तालमेल बैठाने के लिए अहम मानी जाती है।